फर्रुखाबाद। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में फर्रुखाबाद स्पोर्टिंग क्लब ने रायल इलेवन को 81 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता व उप विजेता टीमों के खिलाड़ियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया।
फर्रुखाबाद क्रिकेट लीग के तहत सीनियर वर्ग का फाइनल मैच फर्रुखाबाद स्पोर्टिंग क्लब व रॉयल इलेवन के बीच खेला गया। फर्रुखाबाद स्पोर्टिंग क्लब के कप्तान विशाल छाबड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम ने निर्धारित ओवरों में 148 रन बनाए। विजय आनंद ने 41, विनीत ने 28, अर्जुन और राजर्षि त्रिपाठी ने 23-23 रनों की पारी खेली। रॉयल इलेवन के गेंदबाज अभिषेक ने तीन व अनुज ने दो विकेट लिए।
फर्रुखाबाद स्पोर्टिंग क्लब के गेंदबाजों के आगे लक्ष्य का पीछे करने उतरी रॉयल इलेवन की पूरी टीम महज 67 रनों पर ही ढेर हो गई। मयंक कुमार ने सर्वाधिक 15 रन बनाए। अर्जुन ठाकुर ने चार, फज्जी खान ने तीन व विजय आनंद ने एक विकेट लिया। अर्जुन ठाकुर को मैन ऑफ द मैच की शील्ड प्रदीप त्रिपाठी ने प्रदान की। क्रिकेट कोच अमिताभ पान ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। अंपायरिंग मोहम्मद अहमद खां, रफीकुल अंसारी ने की। स्कोरर जेपी सिंह रहे। सचिव मोहनलाल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।