अमृतपुर। भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत में अन्ना गोवंशों से निजात दिलाए जाने के लिए किसानों ने हुंकार भरी। भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष ने सुनवाई न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। एसडीएम को छह सूत्री ज्ञापन दिया।
भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा की अगुुवाई में तहसील में महापंचायत हुई। इसमें अन्ना गोवंश से परेशान किसानों की समस्या का मुद्दा उठाया गया। भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान गोवंशों से परेशान हैं। किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए रात दिन खेत में ही रहना पड़ रहा है।
गोशालाएं खोली गईं और उनमें भी चारा, पानी समुचित व्यवस्था कागजों में दिखाई जा रही है, गोवंश खेत में घूम रहे हैं। सरकारी आंकड़ों में गोवंश बंद दिखाए जा रहे हैं। तहसील क्षेत्र में गोवंशों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे। एसडीएम गौरव शुक्ला के पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गोवशों की समस्या का समाधान कब तक होगा।
एसडीएम ने कहा कि एक माह में गोवंशों की समस्या का निस्तारण हो जाएगा। एसडीएम को दिए ज्ञापन में अमृतपुर दक्षिण थोक में तालाब से अतिक्रमण हटवाने, जिले को सूखा ग्रस्त घोषित कराकर आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
गुजरपुर पमारान में प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से गुजरी बिजली लाइन हटाने, गंगा के किनारे की जमीन को वन विभाग को न देकर किसानों को लीज पर दी जाए। गंगापार में बिजली की हो रही अघोषित कटौती को बंद हो।
भाकियू के कानपुर मंडल के उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा ने भी संबोधित किया। जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य, जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप अवस्थी, मुकेश शर्मा, रमेश सिंह, हरिओम मिश्रा भी रहे।