कानपुर-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन की बोगी का डायनमो भष्ट होने से ट्रेन सवा घंटे कमालगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन लाइटिंग टीम (टीएल टीम) ने आकर डायनमो को ठीक किया, जिसके बाद ट्रेन फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो सकी। इस ट्रेन में आई खराबी के चलते कालिंदी समेत कई ट्रेनें लेट हुईं।
कानपुर-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन का कमालगंज रेलवे स्टेशन पर आने का समय सुबह 8:50 बजे है। रविवार को यह ट्रेन 10:10 बजे आई। 10:15 बजे ट्रेन फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुई तो नगला दाऊद स्थित 121 नंबर गुमटी पर ट्रेन की एक बोगी से धुआं निकलने लगा। यह देख यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरशराबा सुनकर चालक ने ट्रेन रोक दी। बोगी से धुआं निकलते देख चालक रवेंद्र कुमार और अभिजीत गंगवार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।
विज्ञापन
कंट्रोल रूम के आदेश पर चालक ट्रेन को बैक कर वापस कमालगंज रेलवे स्टेशन ले गए। गार्ड जीएन मीणा ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर बीएन सिंह को दी। स्टेशन मास्टर ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन लाइटिंग टीम (टीएल) कमालगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। टीएल टीम के सदस्य कनौजीलाल ने बताया कि बोगी के नीचे लगा डायनमो भष्ट हो गया था।
इससे पटों ने चलना बंद कर दिया। पहिया जाम होने से धुआं निकलने लगा। बोगी में आई कमी को दूर कर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। कानपुर-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन में आई खराबी के चलते कालिंदी और फर्रुखाबाद-अनवरगंज एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें लेट रहीं।