कंपिल। लॉकडाउन के दौरान नगर में पान मसाला के भंडारण की सूचना पर क्षेत्राधिकारी ने पुलिस टीम के साथ गोदाम पर छापा मारा। कुछ पैकेट पान मसाला मिलने पर गोदाम को सील कर दिया गया। गुरुवार को गांव निजामुद्दीनपुर निवासी परचून व्यापारी उवैश आलम परचून का सामान लादकर ट्रैक्टर ट्रॉली से ले जा रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने पान मसाला के 6 बोरे जब्त कर मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद देर रात को नगर के परचून व्यापारी चंदन की कटिया रोड स्थित गोदाम में पान मसाला, गुटखा भरा होने की सूचना पर कायमगंज क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह गौर ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई की। इससे व्यापारियों में अफरातफरी मच गई। क्षेत्राधिकारी ने गोदाम खुलवाकर जांच की तो वहां पान मसाला व गुटखा के पैकेट बरामद हुए। व्यापारी से पूछताछ की। गोदाम में क्षेत्राधिकारी ने पूछताछ की। व्यापारी को लॉकडाउन में बिक्री करने पर कार्रवाई करने चेतावनी दी। इसके बाद गोदाम को सील कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह गौर ने बताया कि भंडारण होने की सूचना पर छापा मारा था। गोदाम में मात्र 22 पैकेट पान मसाला मिला है। गोदाम सील कर दी गई है। मामले की जांच की जाएगी।