कमालगंज। शेरपुर सराय गांव में ग्राम सभा की 400 बीघा जमीन पर लोगों ने कब्जा कर गेहूं की फसल बो दी। शिकायत पर बुधवार को पुलिस के साथ राजस्व कर्मियों की टीम पहुंची। गंगा पार करने के लिए केवल एक ही नाव होने से तीन लेखपाल व कानूनगो ही मौके पर पहुंच सके।
उन्होंने जमीन की नापजोख कराई लेकिन कर्मचारी कम होने से पूरी नाप नहीं हो पाई। राजस्व कर्मियों के अनुसार, अवैध कब्जा कर बोई गई गेहूं की फसल व भूसा गोशालाओं में भेजा जाएगा।
एसडीएम सदर, तहसीलदार के साथ 50 राजस्व व पुलिसकर्मी शेरपुर सराय पहुंचे। ग्राम सभा की जिस जमीन पर अवैध कब्जा हुआ है वह गंगा नदी के पार है। नदी पार करने के लिए एक नाव थी। इस पर कानूनगो बलवीर सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल रवि रंजन, लेखपाल रोशन लाल, शैलेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान भैंरोलाल के पुत्र रवेंद्र नाव से गंगा पार पहुंचे। अवैध कब्जे वाली जमीन पर कुछ में गेहूं की फसल खड़ी थी।
कुछ में फसल कटी पड़ी थी। राजस्व कर्मियों ने कुछ जमीन की नाप की और लौट गए। राजस्वकर्मियों ने बताया कि करीब 400 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा सामने आ चुका है। इस जमीन को कब्जा मुक्त कराकर गेहूं की फसल कटवाई जाएगी। गेहूं व भूसा गोशालाओं में गोवंशों के चारे के लिए भिजवाया जाएगा। प्रधान के पुत्र ने बताया कि कटरी की रेत में भीषण गर्मी और कर्मचारियों की कमी से नाप करने में दिक्कत आई।