गांव राजेपुर सरायमेदा में छिड़काव करता कर्मचारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कमालगंज। तिर्वा मेडिकल कॉलेज की जांच रिपोर्ट में तीन गांवों के पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। बुधवार को इन गांवों में शिविर लगाकर सैंपल लिए गए थे। शुक्रवार को 27 नमूनों की जांच रिपोर्ट आई है। दो गांवों में शुक्रवार को भी डेंगू व मलेरिया जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। पांच गांवों के 13 घरों में लार्वा भी मिला है।
क्षेत्र के छह से अधिक गांवों में बुखार का प्रकोप है। कोठी गांव में कई लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को भी एक वृद्ध की मौत हो गई थी। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मूशाखकिरिया, पतौंजा व कोठी गांव के 27 मरीजों के नमूने लेकर कन्नौज जिले के तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजे थे। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में कोठी गांव के तीन युवकों, पतौंजा की एक किशोरी और जहानगंज के युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है।
पीएचसी जहानगंज के डॉ. विशिष्ट कटियार व फार्मासिस्ट दिनेश वर्मा ने खेड़ा गांव में शिविर लगाकर 32 मरीजों को दवाएं दीं। लैब टेक्नीशियन अमित कटियार ने 10 मरीजों की मलेरिया व आठ की डेंगू जांच की। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र न्यामतपुर ठाकुरान कि टीम ने पतौंजा के मजरा कोठी गांव में 80 मरीजों को दवाइयां बांटी। इसमें 50 बुखार से पीड़ित हैं। यहां 28 लोगों की मलेरिया व सात मरीजों की डेंगू की जांच की गई। पीएचसी जरारी की टीम ने गांव में शिविर लगाकर 69 मरीजों को दवाएं दीं। यहां जान नहीं नहीं हो सकी।
उधर, राजेपुर सरायमेदा गांव में मलेरिया निरीक्षक अवधेश कुमार ने पांच गांव के 324 घरों में जांच की। 13 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला। जिला मलेरिया अधिकारी एस ठाकुर ने बताया कि जरारी, जहानगंज, बहोरा, कोठी समेत पांच गांवों में लार्वा मिला है। राजेपुर सरायमेदा में छिड़काव करा दिया गया है। वहां वायरल बुखार है। टीम को गांव में गंदगी की समस्या मिली। अभियान चलाकर सफाई कराने के लिए कहा गया है।
अगस्त में कोई डेंगू का मरीज नहीं निकला
अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अशोक कुमार ने अगस्त माह में बुखार से पीड़ित 6 लोगों की डेंगू जांच कराई। इनमें से कोई भी पॉजटिव नहीं निकला।