ब्लाक नवाबगंज का निरीक्षण करती सीडीओ। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को नवाबगंज ब्लाक का निरीक्षण किया। उन्होंने विलंब से पहुंचीं बीडीओ, एडीओ व सीडीपीओ से स्पष्टीकरण तलब किया। जबकि 10 कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर उनका वेतन काट दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी एम अरून्मोली सुबह 11 बजे ब्लाक नवाबगंज पहुंचीं। इस दौरान जेई रजनीश कुमार के अलावा बृजमोहन, राहुल चंदेल, रवि कुमार, मनोज कुमार, टीए दिनेश कुमार, आदेश कुमार, खंड प्रेरक दिनेश कुमार, बीएमएम अनुज शुक्ला गैरहाजिर मिले। इस पर सीडीओ ने सभी का एक दिन का वेतन/मानदेय काटते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं बीडीओ प्रीती तिवारी, एडीओ मयंक मोहन गौड़ व लिपिक प्रभात चंद्र सक्सेना के देरी से पहुंचने पर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी व झाड़ियां खड़ी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। परिसर में बने ओपन जिम में हाल ही में 10 लाख से लगे झूले व जिम के उपकरण टूटे मिले।
सीडीओ ने झूले ठीक कराने के निर्देश दिए। परिसर में बने आवासों में ताला लगा होने और वीडीओ प्रशांत कटियार व देव शर्मा का बिना आवंटन कब्जा होने की जानकारी पर उनके वेतन से किराया वसूल करने को कहा। इसके बाद सीडीओ बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग पहुंचीं। वहां सीडीपीओ मानवेंद्र सिंह सहित कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इस पर उन्होंने स्पष्टीकरण तलब कर लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी मिले नदारद
सीडीओ ने ब्लाक संसाधन केंद्र नवाबगंज का निरीक्षण किया तो खंड शिक्षा अधिकारी ललित मोहन पाल अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने तीन दिन में स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जबकि कर्मचारी सुमन देवी के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने बीएसए को एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।