नवाबगंज। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ने बैठक में पत्रावलियों में मनरेगा मजदूरों की संख्या कम मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तकनीकी सहायकों को फटकार लगाई। कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही न बरती जाए।
ब्लॉक सभागार में डीडीओ ने ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों, रोजगार सेवकों व तकनीकी सहायकों को गांव में मनरेगा योजना में मजदूरों की संख्या कम होने पर फटकार लगाई। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 50 मजदूरों को कार्य में लगाने और एक मेठ का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी सहायकों से एस्टीमेट आदि बनाने में लापरवाही न करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास व शौचालय में किसी भी लाभार्थी का शोषण न होने के निर्देश दिए।
एडीओ पंचायत को लाभार्थियों से जानकारी कर शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। डीडीओ ने आवासों व शौचालयों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। प्रत्येक ग्राम पंचायतों के तालाबों के आसपास पौधारोपण के तहत गड्ढे खुदवाना शुरू करने को कहा। बैठक में बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता, एडीओ पंचायत ओंकार सिंह, एडीओ आईएसबी प्रवेश राजपूत आदि मौजूद रहे।