फर्रुखाबाद। शहर की सातनपुर मंडी में स्थित सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से पूछताछ करने के साथ ही टोकन रजिस्टर की गहनता से जांच की। हालांकि कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने सातनपुर मंडी में भारतीय खाद्य निगम व खाद्य विपणन विभाग के गेहूं क्रय केंद्रों पर टोकन रजिस्टर चेक किया। किसानों को जिस तिथि का टोकन जारी किया गया, उस दिन कुछ ही किसानों ने गेहूं बेचा। इससे बचे हुए किसानों को ऑफलाइन टोकन जारी कर गेहूं खरीद की जा रही है। जिलाधिकारी ने गांव बुढ़नपुर निवासी किसान मनोज कुमार व अमित कुमार से बात कर गेहूं खरीद की जानकारी ली। किसानों ने गेहूं बेचने में कोई समस्या न होने की बात कही। यह भी बताया कि टोकन देने या गेहूं खरीद के लिए कोई खर्च नहीं लिया गया। क्रय केंद्रों पर मानक के अनुसार व्यवस्थाएं मिलीं। गेहूं खरीद में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी प्रदीप कुमार यादव व इकरार हुसैन मौजूद रहे।
एल-2 अस्पताल में मरीजों के लिए हालचाल
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने फतेहगढ़ स्थित एल-2 अस्पताल का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों से वार्डों की सफाई व्यवस्था देखी। अस्पताल में सात मरीज भर्ती मिले। डीएम ने भर्ती मरीज बनारसीलाल से बात कर भोजन, सफाई, इलाज व ऑक्सीजन व्यवस्था की जानकारी ली। कोई समस्या नहीं बताई गई। उन्होंने तीमारदारों को कोरोना दवाई किट देने के निर्देश दिए।