फर्रुखाबाद। सीओ मोहम्मदाबाद की रिपोर्ट मिलने पर एसपी ने शराब पीकर हंगामा करने के मामले में निलंबित सिपाही को बर्खास्त कर दिया। निलंबित सिपाही नशे की लत को छोड़ नहीं पाया और बहाली के लिए एसपी के सामने शराब पीकर ही पेश होता रहा।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही आदेश उर्फ सिद्दू कानपुर से तबादले पर वर्ष 2017 में स्थानांतरण पर आया था। वह जनपद हापुड़ थाना देहात क्षेत्र के गांव लालपुर का रहने वाला है। आदेश पुलिस लाइन में अक्सर शराब के नशे में हंगामा करता रहता था। इस पर उसको छह बार निलंबित किया जा चुका था। हर बार वह माफी मांगकर शराब नहीं पीने का शपथ पत्र देता था। दो माह पहले एसपी ने आदेश को निलंबित कर दिया था और जांच सीओ मोहम्मदाबाद सोहराब आलम को दे दी थी। बहाली को लेकर आदेश शराब के नशे में ही एसपी के पास गुहार लगाने जाता था। सीओ की रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी अशोक कुमार मीणा ने आठ दिन पहले आदेश को बर्खास्त कर दिया। आदेश अपना सामान समेटकर गांव चला गया।