फर्रुखाबाद। कोरोना महामारी में जान की बाजी लगाकर संक्रमित मरीजों की सेवा में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों की सेहत से भी खिलवाड़ हो रहा है। उनके लिए लखनऊ कारपोरेशन से भेजे गए सुरक्षा कवच(पीपीई किट) ही अधूरे हैं। किट की पॉलिथीन पर छह आइटम लिखे हैं, जबकि अंदर दो ही निकल रहे हैं। सीएमओ ने इसकी शिकायत के लिए लखनऊ कारपोरेशन को पत्र भेजा है।
जिले में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार जारी है। लोग कोरोना की चपेट में आकर गंभीर हालत में पहुंच रहे हैं। लोगों की जान भी जा रही है। ऐसे गंभीर मरीजों को जीवनदान देने के लिए डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा में जुटे हैं। संक्रमण से बचने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को पीपीई किट पहनकर काम करना पड़ रहा हैै। वहीं स्वास्थ्य विभाग के लखनऊ कारपोरेशन से आने वाली पीपीई किट में भी डंडी मारकर स्वास्थ्य कर्मियों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। गत दिनों सीएमओ कार्यालय स्थित स्टोर में कारपोरेशन से 1000 पीपीई किट मंगाई गईं। पीपीई किट पर छह आइटम लिखे हैं, लेकिन इस पैक में दो आइटम ही फुल बॉडी कवर सूट व शू-कवर ही निकल रहे हैं। फेस मास्क, ग्लव्स, सेफ्टी गूगल्स व डिस्पोजेबल बैग नहीं मिल रहा है। इससे डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी बाहर से अन्य सामान खरीदकर काम चला रहे हैं। सीएमओ डॉ.वंदना सिंह ने इस संबंध में लखनऊ कारपोरेशन को पत्राचार किया है।