फर्रुखाबाद। हिस्ट्रीशीटर ने पड़ोसी के घर में घुसकर युवक को धारदार हथियार से लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी एमएलसी प्रांशुदत्त द्विवेदी पर भी हमला कर चुका है। इससे लोगों में दहशत है।
शहर के मोहल्ला दरीबा पश्चिम निवासी अनुज शर्मा ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी में काम करते हैं। शनिवार की शाम घर जाते वक्त मोहल्ले की गली में ही हिस्ट्रीशीटर अमित उर्फ लाला कचौड़ी ने रोक लिया। उसने अनुज से दबंगई में रुपये मांगे।
इन्कार कर अनुज घर पहुंचा तो लाला अपने भाई शिवम और परिवार के ही पिंकी के साथ सरिया, डंडा और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आया और हमला कर दिया। सिर पर धारदार हथियार से हमला करने से अनुज लहूलुहान हो गया।
इसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद अनुज की तहरीर पर लाला कचौड़ी, शिवम और पिंकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि लाला कचौड़ी ने तीन साल पहले एमएलसी प्रांशुदत्त द्विवेदी पर भी हमला बोला था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की जरूरत नहीं समझी।