फर्रुखाबाद। शहर में रेडीमेड गारमेंट, मिल्क पार्लर समेत तीन दुकानों में आग लग गई। सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। लोगों ने खुद ही किसी तरह आग बुझाई। आग से पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
शहर के मोहल्ला नवाब न्यामत खां निवासी विनोद गुप्ता की रेलवे रोड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। सोमवार की दोपहर करीब दो बजे विनोद खाना खाने घर चले गए। बेटा सचिन दुकान पर बैठा था। कुछ लोगों ने तीसरी मंजिल से धुआं निकलने की सूचना दी। ऊपर पहुंचे तो कपड़े धू-धू कर जल रहे थे। पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की गई।
सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। लोगों ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। आग से करीब डेढ़ लाख रुपये के कपड़े जल गए। खैराती खां निवासी रईस की गुदड़ी में नाई की दुकान है। दोपहर एक बजे खाना खाने चले गए। इसी समय शार्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना पर पहुंचे तो आसपास लोगों के प्रयास के आग बुझा ली गई। करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
शहर के आवास विकास कालोनी निवासी अवधेश यादव की लालगेट स्थित दुकान में पराग मिल्क पार्लर है। रविवार की रात करीब ढाई बजे मोहल्ले वालों ने रोशनदान से धुआं निकलता देखा। फोन पर अवधेश के बेटे गौरव को सूचना दी। उन्होंने पहुंचकर शटर खोला तो सामान जल रहे थे।
सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग में इनवर्टर, बैट्री, डीवीआर, फ्रीजर, उसमें रखा सामान करीब तीन लाख रुपये का सामान जल गया। अवधेश ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।