फर्रुखाबाद। गेहूं की सरकारी खरीद का मंगलवार को अंतिम दिन है। अभी जनपद के करीब 1853 किसानों के गेहूं की तौल होनी बाकी है। खरीद न होने की आशंका में सोमवार को सातनपुर मंडी आए किसान अपने गेहूं की तौल कराने के लिए परेशान रहे। पीसीएफ के क्रय केंद्र पर किसानों की खासी भीड़ के साथ बिचौलिये भी सक्रिय दिखे। जिन किसानों को बुलाया गया, उनके भी गेहूं की तौल नहीं हो सकी।
मंगलवार को खरीद का अंतिम दिन होने से सोमवार को किसान पंजीकरण व टोकन के कागजात के साथ गेहूं भरी ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर मंडी पहुंचे थे। सर्वाधिक टोकन पीसीएफ केंद्र के थे। पीसीएफ के केंद्र पर दोपहर 12 बजे तक 237 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी थी। एक दिन में 350 क्विंटल तौल की पाबंदी होने से केंद्र प्रभारी ने तीन ट्रैक्टर-ट्राली परिसर में खड़ी कराकर गेट बंद करवा दिया। इस समय तक 12 से अधिक गेहूं लदी ट्रालियां बाहर लाइन में लगी थीं। कुछ बिचौलिये भी केंद्र प्रभारी को घेरे रहे। शाम तक तौल न हो पाने से तमाम किसान परेशान रहे।
किसान बोले, नहीं तौला जा रहा गेहूं
पीसीएफ के क्रय केंद्र पर मौजूद पिपरगांव निवासी रामवीर सिंह ने बताया कि 40 क्विंटल गेहूं लेकर आए हैं। अभी ट्रॉली बाहर खड़ी है, जबकि वह केंद्र प्रभारी से फोन पर बात करके आए थे। गेहूं नहीं तौला जा रहा है।
गांव संतोषापुर निवासी बृजेश कुमार ने 44 क्विंटल गेहूं लेकर आने की बात कही। कंझाना निवासी निवासी योगेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि 14 जून को वह पीसीएफ के साधन सहकारी समिति मसेनी क्रय केंद्र पर 50 क्विंटल गेहूं लेकर गए थे। केंद्र प्रभारी ने 32 क्विंटल तौलने के बाद बारदाना (बोरा) न होने की बात कहकर 18 क्विंटल गेहूं वापस कर दिया था। वही गेहूं लेकर आए हैं, लेकिन तौल नहीं हो पा रही है।
37,400 मीट्रिक टन गेहूं खरीद, 1853 किसान बाकी
जनपद में 9691 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया था। 20 जून तक 7838 किसानों से 37400 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। पंजीकरण के हिसाब से अभी करीब 1853 किसान गेहूं नहीं बेच सके हैं। डिप्टी आरएमओ विवेक कुमार सिंह ने बताया कि 22 जून तक ही गेहूं खरीद के आदेश हैं। अभी तिथि बढ़ने के संबंध में कोई आदेेश प्राप्त नहीं हुआ है।
सात केंद्र ही संचालित
पहले गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 15 जून थी। काफी किसानों का गेहूं न बिक पाने से इसे बढ़ाकर 22 जून किया गया था। इसके बाद भी मंडी के बाहर स्थित क्रय केंद्रों की ई-पॉप (प्वाइंट ऑफ परचेज) मशीन बंद कर दी गई। इससे जिले में संचालित 41 केंद्रों में से 34 पर खरीद बंद है। मंडियों के सात क्रय केंद्र ही संचालित हैं। सातनपुर मंडी में स्थित तीन क्रय केंद्रों में दो विपणन शाखा के, जबकि एक पीसीएफ का चल रहा है।
एक दिन में 350 क्विंटल गेहूं की ही तौल करनी है। जो पहले आया उसका गेहूं तौला गया है। दोपहर 12 बजे तक 237 क्विंटल गेहूं तौल चुके हैं। शाम तक 350 क्विंटल गेहूं की तौल पूरी होते ही मशीन बंद हो जाएगी। किसान करीब 1000 क्विंटल गेहूं लेकर आए हैं। ऐसे में सभी किसानों का गेहूं कैसे तौला जा सकता है। - मुकेश कुमार, केंद्र प्रभारी पीसीएफ