खंती में निकला भगवान बुद्घ का शिलापट। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
संकिसा। सड़क के चौड़ीकरण को लेकर स्तूप के पास खेत में की जा रही खुदाई में भगवान बुद्ध के चित्र बने दो शिलापट मिले हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों शिलापटों को कब्जे में ले लिया। एसओ ने पुरातत्व विभाग को जानकरी दी है।
संकिसा में सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। रविवार को स्तूप के पास कुलदीप दीक्षित के खेत में खुदाई कर सड़क के किनारे मिट्टी डाली जा रही थी। इसी दौरान खुदाई में दो शिलापट निकल आए। वहां लोग एकत्र हो गए। सूचना पर एसओ आरके रावत पहुंचे।
शिलापटों पर भगवान बुद्ध का उभरा हुआ चित्र बना है। इस पर पुलिस ने दोनों शिलापटों को अपने कब्जे में लेकर थाने में रखवा दिया। एसओ ने अधिकारियों के अलावा पुरातत्व विभाग को शिलापटों के बारे में जानकारी दी। एसओ आरके रावत ने बताया कि पुरातत्व विभाग की टीम आने के बाद शिलापट उनके हवाले कर दिए जाएंगे।