ताले तोड़कर नगदी व जेवरात उड़ाए
संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद। चोरों ने रात को एक रसोइया के घर के ताले तोड़कर नगदी व जेवरात चोरी कर लिए। सुबह मोहल्ले के लोग जागे तो उनके दरवाजे की कुंडी भी बाहर से बंद थी। सूचना पर ग्राम प्रधान के पति मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजों की कुंडी खोली और पुलिस को सूचना दी।
थानाक्षेत्र के गांव रजलामई निवासी रेशमा देवी पत्नी स्व. फूल चंद्र गांव के प्राथमिक विद्यालय में रसोइया है। वह सोमवार को घर में ताले डालकर अपनी पुत्रवधू पूनम पत्नी स्व. श्यामू के साथ जनपद कन्नौज के कसबा छिबरामऊ स्थित मायके गई थी। रात को चोर ताले तोड़कर उनके घर में घुस गए। कमरों के ताले तोड़ने के बाद बक्से व अलमारी से दस हजार रुपये, झाले, करधनी, पायलें, मटर माला, टीवी आदि सामान चोरी कर ले गए। जिस गली में रेशमा का घर है। उसमें चार घर और हैं। सुबह जब गली के लोग जागे तो उनके घर के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी। इस पर ग्राम प्रधान गीता देवी के पति सत्यभान सिंह को फोन पर सूचना दी गई। वह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मकानों की कुंडी खोली और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर रेशमा देवी भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।