मोहम्मदाबाद। कोतवाली में गुरुवार रात को फॉलोअर ने नशे में जमकर हंगामा किया। दरोगा के डांटने पर वह खुद ही एसपी के सामने पेश होकर मारपीट करने की शिकायत करने लगा। मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि होने पर वह अपने घर चला गया।
क्षेत्र के गांव पिपरगांव के मजरा मोहरिकापुर निवासी शीलेश कुमार कोतवाली में फॉलोअर है। गुरुवार रात को उसने शराब पी ली। इसी दौरान थाने के मुंशी ने उसे शांतिभंग के आरोपियों के लिए खाना बनाने को कहा। इस पर वह भड़क गया। उसने कहा कि वह अतरिक्त खाना नहीं बना पाएगा। इसी बात पर दोनों में कहासुनी होने लगी। दीवान ने इसकी शिकायत मेस इंचार्ज रामरूप सिंह से की। उन्होंने उसे डांटा तो फॉलोअर ने उन्हें एससीएसटी एक्ट में फंसाने की बात कही। इस पर रामरूप ने कोतवाल को जानकारी दी। उन्होंने उसे समझाया। इसके बाद फॉलोअर चला गया। सभी ने समझा कि वह घर चला गया। कुछ देर बाद ही वह फतेहगढ़ पुलिस आफिस में एएसपी के पास पहुंच गया। उसने बताया कि कोतवाली में उसके साथ मारपीट हुई है। उसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई जाए। उन्होंने सीओ और कोतवाल से मामले की जानकारी ली। इसके बाद उसका मेडिकल कराया गया। इसमें एल्कोहल की पुष्टि होने के बाद वह वहां से चला गया। कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फॉलोअर ने नशे की हालात में गाली गलौज की थी। अब सब सामान्य है।