मोहम्मदाबाद। मारपीट में घायल ग्रामीण की मौत के बाद गुरुवार को शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात रही।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खिमसेपुर निवासी सुनील राठौर 31 जुलाई को गांव गणेशपुर से बाइक से घर वापस आ रहे थे। ज्यौता रोड पर गांव के बाबू खां की मोटरसाइकिल से सुुनील की बाइक की भिड़ंत हो गई थी। बाबू खां की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सुुनील को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पत्नी ऊषा देवी ने बाबू खां, अनीश, शालू, इरशाद खान, बबलू खान व शमसुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
घायल सुनील को लोहिया अस्पताल से हालत गंभीर होने पर सैफई रेफर कर दिया गया। वहां बुधवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गांव में दोनों पक्षों में तनाव की भनक लगने पर अधिकारियों के आदेश पर पुलिस तैनात कर दी गई। गुरुवार को सुनील का शव आने भीड़ लग गई। पत्नी ऊषा व पुत्र अर्जुन, करन, आकाश का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। एसडीएम सदर संजय कुमार व सीओ मोहम्मदाबाद राजवीर सिंह गौर भी गांव में पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिया। परिजनों की मांग पर एसडीएम ने जमीन व मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। गांव में गुरुवार को फोर्स तैनात रही। शाम हो जाने से शव का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा।
बजरंग दल के जिला विद्यार्थी प्रमुख संदीप ने सीओ मोहम्मदाबाद राजवीर सिंह से कहा कि सुुनील की हत्या में आरोपियों की दो दिन के अंदर गिरफ़्तारी नहीं हुई तो पूरा प्रदेश खिमसेपुर को जान जाएगा। इसको लेकर आंदोलन किया जाएगा। सीओ ने गिरफ्तारी कराने का भरोसा दिया।
सुनील के पुत्र को ढांढस बंधाते विधायक नागेंद्र सिंह राठौर। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD