फर्रुखाबाद। शहर के द ड्रीम एचीवर्स डांस क्रू के कलाकारों ने बरेली में फर्रुखाबादी डंका बजाया। बरेली में हुई 11वीं इंटरनेशनल थिएटर फेस्टिवल एंड डांस प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद की टीम का दबदबा रहा। सोलो डांस में पुष्पा, सृष्टि, नुरुल इदरीशी व युगल डांस में नवनीत वर्मा और पुष्पा डी. वायरस ने पहला स्थान पाया। वहीं, विदेशी कलाकारों के साथ मुकाबला करते हुए प्ले नाटक में फर्रुखाबाद की टीम पांचवें स्थान पर रही। प्रतियोगिता से लौटे कलाकारों ने शील्ड और प्रमाण पत्र दिखाते हुए कहा कि उनका सपना डांस इंडिया डांस के मंच पर जाने का है।
बरेली में 26 जनवरी से 31 जनवरी तक हुई 11वीं इंटरनेशनल थियेटर एंड डांस प्रतियोगिता में यूपी से फर्रुखाबाद की द ड्रीम अचीवर्स डांस ग्रुप की टीम के 35 कलाकारों ने प्रतिभाग किया था। कलाकारों ने सोलो डांस सीनियर व जूनियर और युगल जोड़ी डांस सीनियर वर्ग में पहला स्थान पाकर फर्रुखाबाद का नाम पूरे उत्तर प्रदेश में रोशन किया।
डायरेक्टर पंकज एसलाल व ध्रुव कुमार ने बताया कि टीम के कलाकारों का सपना डांस इंडिया डांस के मंच पर पहुंचने का है। बरेली में हुई सोलो डांस सीनियर वर्ग में पुष्पा डी. वायरस, नुरुल इदरीश और जूनियर वर्ग में सृष्टि गुप्ता ने पहला स्थान प्राप्त किया। युगल जोड़ी डांस में नवनीत वर्मा और पुष्पा डी. वायरस पहले स्थान पर रहे।
सोलो डांस सीनियर में विशाल शर्मा, आलिम रईस और कन्हैया शुक्ला ने द्वितीय स्थान पाया। उन्होंने बताया कि प्ले नाटक में बांग्लादेश, ईरान, इंडोनेशिया, आस्ट्रेलिया और अमेरिका के कलाकारों से उनकी टीम का मुकाबला था। प्ले नाटक में उनकी टीम पांचवें स्थान पर रही। पहला स्थान देहरादून की टीम को मिला।