फोटो-72 राधे राधे फिलिंग स्टेशन पर डीजल के लिए लगी किसानों की भीड़। स्रोत: जागरूक पाठक
अमृतपुर। क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर डीजल की कमी के चलते किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को राधे-राधे फिलिंग स्टेशन पर डीजल आने की सूचना मिलते ही किसान जरीकेन व कट्टी लेकर मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पंप पर किसानों की भीड़ लग गई। भीड़ अधिक होने से प्रत्येक किसान को एक-एक हजार रुपये का ही डीजल दिया। इसके बावजूद कई किसानों को डीजल नहीं मिल सका है।
तहसील क्षेत्र के सुरेंद्र दत्त द्विवेदी फिलिंग स्टेशन, राधा रानी फिलिंग स्टेशन और किसान सेवा केंद्र समेत कई पंपों पर डीजल न होने से किसान परेशान है। राधे राधे फिलिंग स्टेशन पर डीजल आने की जानकारी किसानों को हुई तो किसान डीजल लेने के लिए दौड़ पड़े। फिलिंग स्टेशन पर किसानों की भीड़ लग गई। कर्मचारियों में किसानों को एक एक हजार रुपये का डीजल दिया है। कहना है कि इस समय मक्का, तरबूज व खरबूजे की फसलों में सिंचाई के लिए डीजल की सख्त जरूरत है। साथ ही गेहूं की मढ़ाई भी जारी है। ऐसे में डीजल की किल्लत से खेती का काम प्रभावित हो रहा है और किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।