खेत पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या
कंपिल। खेत में कटी पड़ी तंबाकू की फसल की रखवाली कर रहे किसान की मंगलवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह जब किसान का भाई व भतीजा खेत पर गए तो चारपाई पर शव पड़ा मिला। भाई ने जमीनी विवाद में गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले।
थानाक्षेत्र के गांव देवरैया निवासी 70 वर्षीय किसान तिलकराम शाक्य मंगलवार शाम को खेत में फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। वह खेत पर चारपाई पर सो गए थे। बुधवार सुबह उनके भाई रामपाल ने उन्हें फोन मिलाया लेकिन उठा नहीं। जिस पर रामपाल अपने पुत्र संदीप के साथ खेत पर गया। वहां तिलकराम का शव चारपाई पर पड़ा मिला।
उसके सिर पर गोली लगने से खून निकल रहा था। टॉर्च चारपाई पर साइड में रखी थी। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच की। सीओ कायमगंज राजवीर सिंह ने तिलकराम के पुत्र पंकज व भाई से जानकारी ली। रामपाल ने बताया कि 11 डिसमिल जमीन का विवाद कई सालों से गांव के साहिब सिंह से चल रहा है।
इसी रंजिश में तिलकराम की हत्या की गई है। फोरेंसिंक टीम प्रभारी ओम प्रकाश ने घटना स्थल से नमूने लिए। डॉग स्क्वायड प्रभारी विपिन ने ऑस्कर(डॉग) को तिलकराम के कपड़े सुंघाए तो वह खेतों से होता हुआ गांव जेंदपुरा गया। वहां जाकर रुक गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि रामपाल की तहरीर पर गांव के अवधेश, साहिब सिंह और साहिब के पुत्र मोहित के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
11 डिसमिल जमीन का चल रहा विवाद
फर्रुखाबाद। गांव में ही 11 डिसमिल जमीन को लेकर तिलकराम व उसके भाई रामपाल का गांव के साहिब सिंह से विवाद चल रहा है। कई सालों से रामपाल व तिलकराम जमीन पर कब्जा कर झोपड़ी डाले हैं। इसमें जानवर बांधते और अन्य सामान रखते हैं। आरोपी साहिब के भाई सुरेश ने बताया कि जमीन उसकी पुश्तैनी है। वर्तमान में उसके और उसके भाई साहिब के नाम दर्ज है। पुलिस फिलहाल इस जमीन के विवाद को ही घटना की मुख्य वजह मान रही है।
आरोपी के घर दबिश, ट्रैक्टर कब्जे में लिया
पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में उनके घरों में दबिश दी, जहां उन्हें ताला पड़ा मिला। आरोपी साहिब के चौपाल में खड़ा ट्रैक्टर पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच की शुरू
पुलिस ने तिलकराम के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। उसकी कॉल डिटेल को खंगाला जा रहा है। भूमि विवाद के अलावा पुलिस को जांच में कुछ अन्य जानकारी भी मिली है। पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि तिलकराम के उसके पुत्र व पुत्रियों से भी अच्छे संबंध नहीं थे।
इससे पुत्र, पत्नी पूनम के साथ अलग मकान में रहता है। भाई रामपाल ने बताया कि तिलकराम की गांव में दस बीघा जमीन है। इसमें आधी जमीन पुत्र को दे दी है। अन्य जमीन वह स्वयं खेती करते थे। उन्होंने अन्य ग्रामीणों से भी बटाई पर जमीन ले रखी थी।