प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का रविवार को शुभारंभ होगा। लाइव कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री किसानों से पहले मन की बात करेंगे। फिर बटन दबाकर योजना का लोकार्पण करेंगे। उनके क्लिक करते जिले के 49527 किसानों के बैंक खातों में पहली किस्त पहुंच जाएगी। उनके मोबाइल पर खाते में दो हजार रुपये पहुंचने का मैसेज भी आ जाएगा।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में किसानों की डाटा फीडिंग के लिए प्रशासन ने रात-दिन एक कर दिया। शनिवार दोपहर बाद तक जिले के सभी ब्लाकों के एक लाख 41 हजार किसानों का डाटा फीड किया जा चुका है। इनमें एक लाख एक हजार किसानों को डाटा सरकारी पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। रविवार को प्रधानमंत्री लाइव कार्यक्रम के तहत किसानों से मन की बात करेंगे। इसके बाद योजना का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के लिए कलक्ट्रेट, तीनों तहसील व सभी सात ब्लाकों में एलईडी व किसानों के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था की गई है।
उप कृषि निदेशक राजकुमार ने बताया कि योजना का लोकार्पण होते ही जिले के 49527 किसानों के खाते में पहली किस्त की धनराशि पहुंच जाएगी। इसका किसानों के मोबाइल पर मैसेज भी पहुंचेगा।
कार्यक्रम आयोजन के लिए अधिकारी नामित
प्रधानमंत्री का 10.30 बजे से होने वाला लाइव कार्यक्रम किसानों को दिखाया जाएगा। इसके लिए जनपद में 11 स्थानों पर एलईडी टीवी व किसानों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा दुबे ने विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। कलक्ट्रेट के कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी उपकृषि निदेशक राजकुमार व जिला कृषि अधिकारी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई। एडीएम विवेक श्रीवास्तव नोडल अधिकारी बनाए गए। वहीं, तहसीलों में उपजिलाधिकारी व तहसीलदार आयोजक होंगे। जबकि नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी तहसील सदर में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता जेएन श्रीवास्तव को, अमृतपुर में एक्सईएन नलकूप रणधीर सिंह व कायमगंज में जलनिगम एक्सईएन सुनील कुमार नोडल अधिकारी बनाए गए। विकास खंडों में ब्लाक व कृषि विभाग के सहायक विकास अधिकारी आयोजक होंगे। बीडीओ व विभिन्न विभागों के अधिकारी नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। इसके साथ ही किसानों को कार्यक्रम स्थल पर बुलाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई।