कंपिल थाना क्षेत्र के गांव जेंदपुरा निवासी किसान सोमवार सुबह रिश्तेदारी से फर्रुखाबाद-कासगंज एक्सप्रेस से घर आ रहे थे। कंपिल रोड स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में वह गिर पड़े। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव जेंदपुरा निवासी 38 वर्षीय किसान सुरेंद्र कुमार पुत्र राजाराम यादव रविवार को अपने 12 वर्षीय बेटे मंजेश कुमार को सामान्य ज्ञान की परीक्षा दिलाने फर्रुखाबाद स्थित एक स्कूल गए थे। परीक्षा के बाद बेटे को घर भेज दिया और वह फर्रुखाबाद स्थित रिश्तेदारी में चले गए। सोमवार सुबह फर्रुखाबाद-कासगंज एक्सप्रेस (15039) से घर लौट रहे थे।
ट्रेन का स्टॉप कायमगंज के बाद रुदायन में है। कंपिल रोड स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो व मेन लाइन पर मालगाड़ी खड़ी होने से प्लेटफार्म नंबर एक से एक्सप्रेस ट्रेन धीमी गति से निकाल रही थी। इसी दौरान सुरेंद्र सिंह ने उतरने का प्रयास किया। पैर फंसने से सुरेंद्र ट्रेन के नीचे आ गए और काफी दूर तक घसीटते चले गए। इससे उनकी मौत हो गई।
सूचना पर जीआरपी कायमगंज व कंपिल थाना पुलिस पहुंची। घटनास्थल जीआरपी क्षेत्र का होने से थाना पुलिस लौट गई। सुरेंद्र की जेब से फर्रुखाबाद से रुदायन का टिकट निकला। पहचान होने पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजन पहुंच गए। सुरेंद्र खेती करते थे।
वह चार भाइयों महावीर, पप्पू, रवेंद्र के बाद सबसे छोटे थे। पत्नी ब्रजेशा देवी का रो रोकर बेहाल हो गईं। पुत्र मंजेश(12), आदेश (15) व पुत्री पिंकी(8), रिंकी(6) हैं। जीआरपी के दरोगा हरेंद्र सिंह ने शव का पोस्टमार्टम कराया।