फोटो-20 नेकसे उर्फ सुनील राजपूत। फाइल फोटो
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बेहटा में शुक्रवार सुबह खेत में मौजूद किसान की सिर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े परिजन ने दो घंटे पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। एएसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिया तब शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। परिजन किसी से कोई रंजिश न होने की बात कह रहे हैं।
गांव बेहटा निवासी नेकसे उर्फ सुनील कुमार (52) शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे घर से दो किलोमीटर दूर काली नदी के किनारे अपने खेत में आलू खोदने गए थे। इसके बाद करीब सात बजे छोटे भाई सुनील वहां पहुंचे तो खेत में नेकसे का शव पड़ा था। उनके सिर में तीन जगह धारदार हथियार से वार किए गए थे। वहीं पर खेत में खून पड़ा था। जानकारी मिलने पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा करीब नौ बजे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे लेकर पोस्टमार्टम भेजने का प्रयास किया तो परिजन व ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि नेकसे की हत्या की गई है। हत्यारों की गिरफ्तारी हो और पुलिस अधीक्षक मौके पर आएं तभी शव उठने देंगे। सीओ ने परिजनों से रंजिश के बारे में पूछताछ की तो उन्होंने किसी से भी कोई रंजिश न होने की बात कही। इसके अलावा कभी किसी से नेकसे का झगड़ा भी नहीं हुआ। पुलिस ने छानबीन कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। पर परिजन अपनी जिद पर अड़े रहे।
10:30 बजे अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजन को समझाया कि जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। तब कहीं परिजन शांत हुए इसके बाद पुलिस करीब 11:00 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। इससे पहले फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य संकलित किए। एसओजी ने लोगों से पूछताछ कर छानबीन की। पर अभी को पुख्ता जानकारी पुलिस जुटा नहीं सकी। जहानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश राय ने बताया कि पुत्र अमन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फोटो-20 नेकसे उर्फ सुनील राजपूत। फाइल फोटो