कायमगंज। क्षेत्र के अताईपुर रोड पर गांव लालबाग स्थित बेकरी पर फर्जी खाद्य सुरक्षा टीम ने छापा मारकर दो हजार रुपये की ठगी कर ली। शक होने पर एक कारीगर ने विरोध किया तो उसे थप्पड़ मार दिया। भीड़ जमा होने पर सभी गाड़ी से भाग गए।
गांव लालबाग के पास बिस्कुट की बेकरी है। शाम करीब 4 बजे बेकरी मालिक माल सप्लाई करने गया था। तभी कार से चार लोग बेकरी पहुंचे और कारीगरों को खुला पैकेट दिखाते हुए खराब माल बनाने की बात कही। नमूना लेकर कार्रवाई करने की धमकी देकर दो हजार रुपये ठग लिए। एक कारीगर को शक हुआ तो उसने विरोध किया।
इस पर एक ठग ने उसे थप्पड़ मार दिया। कुछ देर में वहां दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। तभी चारों कार में बैठकर भाग गए। कुछ लोगों ने उनकी कार का वीडियो भी बना लिया। इस मामले में फूड इंस्पेक्टर बिजेंदर सिंह ने बताया वे कायमगंज क्षेत्र में गए तो थे, लेकिन लालबाग में किसी बेकरी पर नमूना लेने नहीं गए थे।