संकिसा। रात को खेत से गायब हुए युवक का शव गांव से कुछ दूरी पर एक पेड़ पर फंदे से सुबह लटका मिला। मामा ने भूमि के बटवारे के विवाद में भांजे की हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिवार के उन लोगों से बात की जिन पर आरोप लगाया गया, उन्होंने युवक के मंदबुद्धि होने की जानकारी दी। कहा कि वह पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही।
थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव देवसनि निवासी विपिन कुमार(30) पुत्र स्व. गिरीश चंद्र राजपूत गुरुवार रात मां राजबेटी व बहन सुगंधा के साथ खेत में पानी देने गया था। तभी विपिन वहां से गायब हो गया। मां व बहन ने समझा कि विपिन घर चला गया होगा। रात में ही मां व बहन घर पहुंचीं तो विपिन घर पर नहीं था। इस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह विपिन का शव ओमकार सिंह के खेत में खड़े पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर थानाध्यक्ष एवं सीओ मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव को फंदे उतरवाकर कब्जे में लिया। विपिन के मामा धीरेंद्र ने भांजे की हत्या करने का आरोप लगाया। कहा कि भूमि बंटवारे को लेकर परिवार में आपस में मनमुटाव चल रहा था। विपिन के पिता की मौत भी फांसी लगाने से 15 वर्ष पूर्व हुई थी। सीओ राजवीर सिंह गौर ने विपिन के ताऊ महेश चंद्र एवं सुरेश चंद्र से पूछताछ की। उन्होंने बंटवारे को लेकर कोई भी मनमुटाव न होने की बात कही। बताया कि विपिन मंदबुद्धि था। वह पहले भी फांसी लगाने का प्रयास कर चुका था। उसकी शादी नहीं हुई थी। मां राजबेटी उर्फ गुड्डी देवी, बहन सुगंधा व सुकन्या भाई बीनू रो-रो कर बेहाल हो गया। थानाध्यक्ष धर्वेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।