फर्रुखाबाद। कानपुर में तैनात महिला सिपाही की प्रसव पीड़ा के दौरान नर्सिंग होम में मौत पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। नर्सिंग होम संचालक ने बातचीत कर मामले को रफा-दफा कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मोहल्ला रोहिला निवासी 28 वर्ष की राखी यादव वर्ष 2016 में पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुई। वर्ष 2020 में मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव नौली निवासी सेना के नायक वीरेंद्र से उसकी शादी हुई थी। वर्तमान समय में राखी की कानपुर रावतपुर में तैनाती थी। वह गर्भवती थी। पति वीरेंद्र राजस्थान में तैनात है।
पत्नी के प्रसव की सूचना पर वह अवकाश पर आया हुआ था। वीरेंद्र ने फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के जय नारायन वर्मा रोड भखरामऊ क्रासिंग के पास मकान बनवा लिया है। उसके एक तीन वर्ष का पुत्र शिवांश है। शनिवार शाम राखी को प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने राखी को आवास विकास के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान राखी की मौत हो गई।
जेठ अनिल ने नर्सिंग होम संचालक व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। संचालक ने परिजनों से बात कर मामले को रफा दफा कर दिया। परिजन शव लेकर घर आ गए। रविवार सुबह पति वीरेंद्र की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मां गुड्डी देवी, भाई गोल्डी, उपेंद्र का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।