फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली के पास लगे एक निजी कंपनी के एटीएम में कई लोगों के नकली नोट निकले। पीड़ितों ने कोतवाली में शिकायत की, मगर सुनवाई नहीं हुई। अधिकतर लोगों के 200 और 100-100 के नोट ही नकली बताए जा रहे हैं।
शहर कोतवाली के पास एक निजी कंपनी का एटीएम लगा है। सोमवार दोपहर में दो वीडियो वायरल हुए। इसमें एक वीडियो में संजू नाम का व्यक्ति 200 और 100 के रुपये दिखा रहा है। उसका कहना है कि यह नोट नकली हैं। मोहम्मदाबाद थाने के गांव मौधा निवासी शिवम सिंह ने दो हजार रुपये निकाले। उनके 200 रुपये का एक नोट नकली निकला। उन्होंने बताया कि थाने में शिकायत करने गए, मगर सुनवाई नहीं हुई।
आसपास के लोगों ने बताया कि सोमवार को कई लोगों ने रुपये निकालने के बाद नकली नोट निकलने की शिकायत की है। लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) विश्व दीपक वर्मा ने बताया कि निजी बैंक के एटीएम का मामला है। वह एटीएम वेंडर की जानकारी करने के साथ ही गहनता से जांच कराएंगे। दोषी पाए जाने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)म