फर्जी ढंग से दिया लोन, मैनेजर समेत तीन फंसे
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा क्षेत्र के 60 किसानों को 60 लाख रुपये से अधिक लोन फर्जी कागजातों पर केसीसी से दे दिया गया। मामले में शाखा प्रबंधक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
गांव बिराहिमपुर जागीर स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में 20 मार्च 2020 से 17 सितंबर 2020 तक दाताराम शाखा प्रबंधक थे। वह इस समय मोहम्मदाबाद शाखा में तैनात हैं। गांव शंभू नगला निवासी कर्मवीर बैंक मित्र थे।
बैंक मित्र ने गांव जिराऊ निवासी उपेंद्र की साठगांठ से तहसील से क्षेत्र के 60 किसानों के फर्जी खतौनी, हिस्सा प्रमाण पत्र आदि फर्जी कागजात तैयार करा लिए। इन कागजातों पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक दाताराम ने केसीसी के जरिये बैंक से 60 लाख 17 हजार 560 रुपये लोन पास कर दिया। इसके बाद दाताराम का मोहम्मदाबाद की शाखा में ट्रांसफर हो गया।
वर्तमान शाखा प्रबंधक अमित कुमार के समय में जांच हुई तो मामला खुला। इस पर शाखा प्रबंधक ने हेड आफिस के निर्देश पर कायमगांज कोतवाली में दाताराम, बैंक मित्र कर्मवीर व उपेंद्र के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ फर्जी कागजातों पर लोन निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।