फर्रुखाबाद। सर्दी का सितम बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिन भर ठिठुरन से लोग परेशान रहे। मनवर संगम एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से पहुंची, जबकि रोडवेज बसें भी चार-पांच घंटे देरी से चल रही हैं।
मंगलवार को भी बर्फीली हवाओं से राहत नहीं मिली। सर्दी का सितम इस कदर रहा कि लोग ठिठुरते दिखे। कामकाजी लोगों की ही बाजार और सड़कों पर आवाजाही देखी गई। अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 14 डिग्री पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री पर ही स्थिर है।
सर्दी का बुरा असर वाहनों के आवागमन पर भी पड़ा है। भिवानी से कानपुर सेंट्रल जाने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस काे मंगलवार सुबह 5:40 बजे पहुंचना था, मगर यह ट्रेन करीब पांच घंटे देरी से पहुंची। इससे कानपुर जाने वाले यात्री परेशान रहे। दिल्ली से आने वाली रोडवेज बसें भी चार से पांच घंटे देरी से पहुंच रही हैं। सोमवार रात यात्री न मिलने से तीन बसों को दिल्ली जाने से रोक दिया गया।
सर्दी से बचने को अलाव ही सहारा
सर्दी से बचने के लिए गरीब तबके के लोगाें को अलाव का ही सहारा है। मंगलवार को ठंडी सड़क किनारे कुछ बच्चे आग जलाने के लिए लकड़ी लेकर जा रहे थे। पूछने पर बताया कि वे लोग सातनपुर में रहते हैं। सूखी लकड़ी की तलाश में दो से तीन किलोमीटर तक पैदल ही चलना पड़ता है। सूखी लकड़ी बीनकर ले जाने के बाद ही घर में चूल्हा आदि जलता है।