फर्रुखाबाद। उत्तर रेलवे के बाद अब पूर्वोत्तर रेलवे ने भी यात्रियों को सहूलियत दे दी है। कोरोना काल के दौरान न्यूनतम किराया 30 रुपये से घटाकर 10 रुपये कर दिया है। अब पैसेंजर ट्रेनों में रेलवे एक्सप्रेस का नहीं वसूलेगा। इससे रोजाना करीब 10 हजार यात्रियों को राहत मिलेगी।
कोरोना के दौरान रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों में भी एक्सप्रेस का किराया वसूलना शुरू कर दिया था। कोरोना भले ही खत्म हो गया, मगर न्यूनतम किराया 30 रुपये ही वसूला जाता रहा। मसलन फतेहगढ़, हरसिंहपुर गोवा, द्वारिकापुरी की दूरी भले ही चार से पांच किमी हो, मगर रेलवे को किराया 30 रुपये ही देना पड़ता था।
अब पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए न्यूनतम किराया 10 रुपये कर दिया है। इससे पैसेंजर ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब मैनपुरी की तरफ जाने वाली ट्रेनों पर मोटा स्टेशन तक 10 रुपये ही किराया लगेगा। अभी तक 30 रुपये देने पड़ते थे। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
-
उत्तर रेलवे ने फरवरी में ही कर दिया था कम
उत्तर रेलवे ने फरवरी माह में ही किराया कम कर दिया था। लिहाजा मोटा स्टेशन से फर्रुखाबाद आने वाले यात्रियों से मात्र 10 रुपये ही लिए जाते थे, मगर उसी ट्रेन से जब यात्री वापसी करता था, तो पूर्वोत्तर रेलवे 30 रुपये वसूलता था। इससे कई बार विवाद की स्थिति बन रही थी। अब यात्रियों और रेलवे कर्मियों को राहत मिली है।
- पूर्वोत्तर रेलवे के अफसरों से छह मार्च की सुबह आदेश मिल गए थे। उसी दिन से किराए में कमी कर दी गई है। अब कोविड काल से पहले वाली किराया प्रणाली लागू कर दी गई है। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
-आशुतोष सिंह, वाणिज्य अधीक्षक, फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन