फर्रुखाबाद। लापरवाही के आरोप में अधिशासी अभियंता कायमगंज को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर पर कार्रवाई की गई। हालांकि विभागीय अधिकारी मामला दबाए बैठे हैं।
नवाबगंज में कई दिनों से उपभोक्ताओं को बिजली तो ग्रामीण रोस्टर के अनुसार मिल रही, लेकिन बिल शहरी दर पर लिया जा रहा है। ‘अमर उजाला’ ने 20 अगस्त के अंक में पेज संख्या चार पर ‘शहरी दर पर बिल, बिजली ग्रामीण रोस्टर की भी नहीं’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। विभागीय सूत्रों ने बताया कि खबर प्रकाशित होते ही मंगलवार को ही अधीक्षण अभियंता ने कायमगंज के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार को निलंबित कर दिया था।
हालांकि विभाग ने इसकी भनक किसी को नहीं लगने दी। यह भी बताया जा रहा है कि निलंबन में राजस्व की कम वसूली और आरडीएफ आदि में शिथिलता बरतने पर कार्रवाई की गई है, लेकिन असलियत में ‘अमर उजाला’ की खबर को संज्ञान में लेते हुए एक्सईएन कायमगंज को निलंबित किया गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने गोलमोल जवाब देते हुए बताया कि एक्सईएन कायमगंज को बीते दिन ही निलंबित कर दिया गया था। जब उनसे पूछा कि नवाबगंज में बिजली आपूर्ति में कार्रवाई की गई है तो उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि इसकी भी जांच कराई जा रही है।