निबंध संग्रह काला चिंतन का विमोचन
फर्रुखाबाद। साहित्यिक संस्था राष्ट्रीय कवि संगम के तत्वावधान में रविवार को पूर्व प्रधानाचार्य कवि एवं लेखक श्रीनिवास मिश्रा के निबंध संग्रह काला चिंतन का विमोचन किया गया। इस दौरान हुई गोष्ठी में पुस्तक की समीक्षा भी की गई।
फतेहगढ़ स्थित जनता इंटर कॉलेज में डीएन कॉलेज के प्राचार्य मुकेश सिंह राठौर की अध्यक्षता में गोष्ठी हुई। प्रोफेसर रामबाबू मिश्र रत्नेश ने कहा कि निबंध की शैली से लेखक के व्यक्तित्व का परिचय मिल जाता है। डॉ. रुद्र नारायण त्रिपाठी ने कहा कि इस पुस्तक का प्रत्येक निबंध मौलिक एवं विचारोत्तेजक है।
शशि किरन सिंह ने कहा कि इस पुस्तक में गंभीर चिंतन के साथ ही हास्य काव्य के मनोहर शब्द चित्र हैं। इस पुस्तक में 18 निबंधों का संग्रह है। इस गोष्ठी की अध्यक्षता आचार्य ज्योति स्वरूप अग्निहोत्री ने की। राममुरारी शुक्ला, प्रभात अवस्थी, भूपेंद्र सिंह, अनुपम शुक्ला, पीसी मिश्रा, नंद किशोर दीक्षित, आदि मौजूद रहे।