नेकपुर में नाले की सफाई करती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। दूसरे दिन बुधवार को भी जमकर बरसात हुई। इसे चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया। हर गली मोहल्लों में जलभराव देख ईओ को सड़क पर उतरना पड़ा। ईओ ने नेकपुर क्रासिंग और हैवतपुर गढ़िया पहुंचकर चोक नालों को खुलवाया। हालांकि उन्होंने एक बार फिर शहर के नालों की तलीझाड़ सफाई करवाने का दावा किया।
बुधवार को भी हुई बारिश के बीच बच्चे भीगते हुए स्कूल गए। शहर अधिकतर गलियों में जलभराव हुआ। आल्लानगर बढ़पुर क्रासिंग के अंडरपास पर करीब दो-ढाई मीटर तक पानी भर गया। वहीं नेकपुर क्रासिंग के पास नाला चोक होने की जानकारी मिलने पर ईओ रोली गुप्ता पालिका कर्मचारियों के साथ जेसीबी और पंपिंग सेट लेकर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने क्रासिंग के पास बने तालाब पर पंपिंग सेट लगाकर पानी निकलवाया।
इसके बाद क्रासिंग के दूसरी ओर जेसीबी से चोक नाले को खुलवाया गया। हैवतपुर गढ़िया के चोक नाले को भी जेसीबी से साफ करवाया गया। ईओ रोली गुप्ता ने बताया कि सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई करवा दी गई थी। इसी का नतीजा रहा कि बरसात बंद होने के कुछ ही देर बाद पानी निकल गया।