इटावा जिले में तैनात एक सिपाही पर पड़ोसी गांव के एक घर में घुसकर युवती के साथ छेड़खानी का आरोप लगा है। युवती के मुताबिक, चीखपुकार सुनकर उसके पिता बचाने पहुंचे तो सिपाही ने उनकी पिटाई कर दी। कोतवाली पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मलू निवासी हिम्मत सिंह यादव का आरोप है कि उनके घर में पड़ोसी गांव नगला जयलाल मौजा बीघामऊ निवासी सिपाही सुनील कुमार यादव अक्सर जबरन घुस आता है। उनके घर में मौजूद महिलाओं से छेड़छाड़ करता है। शुक्रवार रात भी सिपाही उनके घर में घुस आया। उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करने लगा। चीखपुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचे। विरोध करने पर सिपाही ने उनके साथ मारपीट की।
इसके बाद गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। इस घटना के बाद से उसका पूरा परिवार भयभीत है। कोतवाली प्रभारी राजेश पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी सिपाही फरार है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इटावा जिले में उसकी कहां तैनाती है इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।