फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद ने बृहस्पतिवार को भोलेपुर से मिलेट्री चौराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क पर व्यापार करने में तीन लोगों से 10 हजार रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया। दोबारा अतिक्रमण करने पर मुकदमा लिखाने की चेतावनी दी।
नगर पालिका के ईओ विनोद कुमार पुलिस बल के साथ टीम लेकर दोपहर बाद भोलेपुर स्थित भीमसेन मार्केट पहुंचे। पुलिस ने फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को हटाया। ठेली खोमचे वालों को भी मार्ग से हटा दिया गया। जेएनवी रोड मोड़ पर एक मीट दुकानदार से पांच हजार, डोसा विक्रेता से साढ़े चार हजार और एक दुकान से पॉलिथीन बरामद होने पर एक हजार रुपये जुर्माना वसूल किया।
मुख्यमार्ग पर डोसा का बड़ा कारोबार करने पर बुलडोजर से पूरी दुकान को तोड़ दिया गया। दुकानदारों को चेतावनी दी कि इस बार हटाने के बाद यदि दोबारा दुकानों को लगाया गया, तो मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। अतिक्रमण हटाने वालों में अवर अभियंता प्रेमपाल सिंह, कर अधीक्षक राजनारायण कमल, सफाई अधीक्षक आदित्य पांडेय, लिपिक अमित सक्सेना आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
लोहपीटा समाज को चेतावनी देकर पीछे हटाया
फतेहगढ़ कोऑपरेटिव बैंक व जेएनवी रोड के बीच सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोहपीटा समाज के लोग सालों से बैलगाड़ी खड़ी करके उसमें परिवार के साथ रहते हैं। अतिक्रमण हटाने की टीम ने पहुंचकर उन्हें हटाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहीं जमीन न मिलने का रोना रोया, तो कुछ पीछे हटाने की चेतावनी देकर अभयदान दे दिया गया। इसके बाद अधिकारी आगे बढ़ गए।