सेठ गली में अतिक्रमण को लेकर आक्रोशित दुकानदारों ने सोमवार को जाम लगा
दिया। यह दुकानें बंद कर मुख्य मार्ग नेहरू रोड सेठ गली के सामने बैठ गए।
करीब तीन घंटे तक मेन रोड जाम बना रहा। इससे लोगों को दिक्कतें उठानी
पड़ीं। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने दुकानदारों को समझाबुझा कर जाम खुलवाया।
एसडीएम ने 15 दिनों के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का आश्वासन दिया है।
सेठगली में कुछ दुकानदारों ने सड़क की ओर पटिया बना ली हैं। इससे
आवाजाही के दौरान जाम लग जाता है। सोमवार को दुकानदार आशुतोष दीक्षित, गौरव
तिवारी, अमित तिवारी, कमल वर्मा, मुकेश वर्मा, विशन वर्मा, गुड्डू, विनोद
कुमार, शैलेश सिंह व हिंदू महासभा के नगर अध्यक्ष राजेश मिश्रा सहित
दुकानदार इसके विरोध में सामने आ गए। इन्होंने शहर के मुख्य बाजार सेठ गली
के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यह मेन रोड पर बैठ गए। जाम की सूचना पर
शहर कोतवाल आरपी यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने समझाने का प्रयास किया
लेकिन दुकानदाराें ने एक नहीं सुनी। दुकानदाराें का कहना था कि एसडीएम से
बात करने के बाद ही वह कोई फैसला लेंगे। तहसील जा रहे तहसीलदार संजीव ओझा
की गाड़ी को भी प्रदर्शनकारियाें ने पास नहीं होने दिया। इससे उन्हें बैरंग
होना पड़ गया।
दुकानदारों का कहना था कि कुछ दुकानदारों ने सड़क की
ओर पटियाें को बढ़ा लिया है। इससे गली में जाम लगता है। इससे कई बार विवाद
की स्थिति बन जाती है। सेठ गली में नालियों की सफाई भी काफी समय से नहीं
हो रही है। इस मच्छरों का प्रकोप हो गया है। अतिक्रमण की शिकायत इससे पहले
भी अफसरों से की जा चुकी है। नगरपालिका ने चिन्हांकन भी किया था।
इसके बाद
भी अतिक्रमण को हटाया नहीं जा रहा है। तीन घंटे बाद एसडीएम सदर सुनील वर्मा
मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का भरोसा दिया।
इसके बाद जाम खुल सका। जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मेनरोड के अलावा स्टेट बैंक गली
में भी जाम लगा रहा।