फुटपाथ पर अतिक्रमण से पांचाल घाट पर लगा जाम
फर्रुखाबाद। पुलिस की शह पर बरेली-इटावा राजमार्ग पर पांचाल घाट रोड पर दोनों तरफ ठेली-खोमचे लगते हैं। इससे बड़े वाहनों के आते ही जाम लग जाता है। शनिवार को भी अतिक्रमण के चलते दो घंटे तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। शाम चार बजे जब हालात खराब हुए तो पुलिस ने सख्ती कर ठेलियां हटवाईं।
पांचालघाट शहर का व्यस्त स्थान है। यहां गंगा स्नान को रोजाना हजारों लोग आते हैं। यही नहीं हाईवे होने के चलते बड़े वाहनों का भी हर वक्त आना-जाना रहता है। ब्रह्मदत्त द्विवेदी चौराहे से गंगा पुल पर सड़क के दोनों तरफ के फुटपाथ पर फल, सब्जी, पापड़ी आदि बेचने वालों का कब्जा रहता है। शनिवार की सुबह से ही यहां जाम के हालात बने रहे।
दोपहर बाद वाहन दो घंटे तक रेंग-रेंग कर चले। शाम चार बजे जब वाहन पूरी तरह से जाम हो गए, तो चौकी इंचार्ज जेपी शर्मा ने सख्ती दिखाई। उन्होंने पुलिस बल के साथ ठेली-खोमचे वालों को दौड़ाया, तब कहीं यातायात सामान्य हो सका। चौकी प्रभारी ने बताया कि आमतौर पर वह रोड किनारे किसी भी ठेली वाले को खड़ा नहीं होने देते हैं। कुछ लोग खड़े हो गए थे, उन्हें हटवा दिया गया। अब कार्रवाई की जाएगी।