फर्रुखाबाद। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में 23 मार्च को शहर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रोजगार मेला लगेगा। इसमें जिले के 3500 युवाओं को रोजगार का मौका मिलेगा। वह अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों के साथ आईटीआई पहुंचें।
शहर के ठंडी सड़क स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में 23 मार्च को रोजगार मेला लगेगा। इसमें कई कंपनियों के अधिकारी युवाओं को साक्षात्कार लेंगे। साक्षात्कार के आधार पर युवाओं का चयन किया जाएगा। 3500 रिक्त पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा पांच पास से लेकर परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक व अन्य योग्यता वाले 18 वर्ष से 45 वर्ष आयु तक तक लोग नौकरी के लिए साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। जिला सेवा योजन अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि इच्छुक महिला व पुरुष अभ्यर्थी अपने मूल अंकपत्र व प्रमाणपत्र, पंजीयन कार्ड व एक फोटो के साथ मेले में भाग ले सकते हैं।