फर्रुखाबाद। आधे अधूरे इंतजामों के बीच मेला श्री राम नगरिया का उद्घाटन शनिवार को होगा। उद्घाटन से पहले आधा मेला अंधेरे में डूबा हुआ है। रास्तों में जगह जगह गड्ढे होने से कल्पवासियों का निकलना दूभर हो रहा है।
पांचालघाट स्थित गंगातट पर लगने वाले माद्य मेला श्री रामनगरिया का उद्घाटन शनिवार को दोपहर बाद 3 बजे डीएम एसके सिंह करेंगे। मेले की तैयारियां अधूरी हैं।
मेला क्षेत्र में जाने के लिए सात सीढ़ियाें से रास्ते बनाए गए हैं। सीढ़ी संख्या 4 , 5 और 6 से गंगाघाट तक जाने वाली सड़क का बुरा हाल है। मेले में आने वाले कल्पवासियों के वाहन रास्तों में फंसने ने उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में बिजली के लिए लाइन न खींचे जाने से कल्पवासी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित ने बताया कि उद्घाटन समारोह के लिए पांडाल का काम पूरा करवा दिया गया है। जिन क्षेत्रों में बिजली और सड़क का काम पूरा नहीं हो पाया है, वहां ठेकेदार से रात में काम पूरा करवाया जाएगा।
कम जगह मिलने से महामंडलेश्वर आहत
दंडी मंडल के महामंडलेश्वर 1008 शिवराम आश्रम का कहना है कि बीते कई वर्षों से वह मेले में कलपवास करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष मेला प्रशासन ने उनके अखाड़े के लिए 350 फीट भूमि मुहैया करवाई थी। इ इस बार मेला प्रशासन ने उनको आश्रम के लिए 90 फीट भूमि ही आवंटित की है। इसके कारण करीब दो सौ श्रद्धालुओं को उन्होंने अपने क्षेत्र में रहने से मना कर दिया है। महामंडलेश्वर ने बताया कि मेला प्रशासन से शिकायत करने पर भी उनको अधिक भूमि उपलब्ध नहीं करवाई गई है।
मेले में दूर बने शौचालय, संतों में रोष
मेला प्रशासन ने कल्पवासियों और साधु संतों के लिए मेला क्षेत्र के पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिण की ओर शौचालय का निर्माण करवाया गया है। इनके मेला क्षेत्र से दूर होने के कारण लोगों को वहां आने जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। पंचदशनाम आह्वान अखाड़ा के महंत सोमवार पुरी ने इसकी शिकायत शुक्रवार को मेला कार्यालय में की। उन्होंने कहा कि मेले की जगह पर पड़ोस के गांव में रहने वालों नेे गेहूं की फसल उगा रखी है। फसल के पास शौचालय बने होने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। खेत स्वामी शौच के लिए जाने वाले लोगों को गाली गलौज कर भगा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाम को अंधेरा होेने के बाद शौचालय जाना मुश्किल होगा। महंत ने मेला प्रशासन से मेले के बीच में शौचालय निर्माण करवाने की मांग की।