फर्रुखाबाद। अधीक्षण अभियंता (एसई) के निर्देश पर शहर में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे रोड पर चेकिंग के दौरान दुकानदारों की बिजली टीम से नोकझोंक भी हुई। टीम ने बकायेदारी में 88 लोगों उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे। 3.79 लाख राजस्व वसूला गया।
शुक्रवार को एसडीओ मुकेशचंद्र राव के नेतृत्व में मोहल्ला सेनापति, लोहाई रोड, खतराना और रेलवे रोड पर बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे रोड पर चेकिंग को लेकर बिजली टीम से दुकानदारों की नोकझोंक भी हुई। हालांकि संभ्रांत लोगों ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया। चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने 157 उपभोक्ताओं के यहां छापा मारा। बकाएदारी में 88 के कनेक्शन काटे गए। एसई अजय कुमार ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान 3.79 लाख का राजस्व वसूला गया है।
साढ़े तीन घंटे से पांचाल घाट उपकेंद्र की आपूर्ति बंद
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट उपकेंद्र से कैंट व मिल्क डेयरी फीडर से जुड़े गांवों और मोहल्लों को बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे पांचाल घाट उपकेंद्र से आपूर्ति बंद हो गई। उपभोक्ताओं ने मामले की जानकारी उपकेंद्र पर दी। जानकारी मिलने पर लाइनमैनों ने पेट्रोलिंग शुरू की, लेकिन सायं साढ़े छह बजे तक फाल्ट पकड़ में नहीं आया। सात बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी। इस संबंध में जेई विजय शंकर यादव ने बताया कि वीसीबी मशीनों की टेस्टिंग के चलते आपूर्ति बंद है। (संवाद)