फर्रुखाबाद। कमालगंज कस्बे में शनिवार से शुरू हो रहे गणेश महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। महोत्सव में केन्या के नैरोबी में रहा रहे प्रवासीय भारतीय ऑनलाइन जुड़कर गणपति की भक्ति में झूमते हैं। इस बार यहां की व्यवस्था महिला वालंटियर संभालेंगी।
गणेश महोत्सव को लेकर शुक्रवार शाम एक गेस्ट हाउस में बैठक हुई। अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि इस बार बाउंसर न बुलाए जाने से युवाओं की 51 सदस्यीय टीम बनाकर गजानन की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस बार 11 दिनी उत्सव होगा। 12 वें दिन विसर्जन यात्रा निकलेगी। गणेश महोत्सव की सांस्कृतिक छटा में इस बार नौ दिन झांकियों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगीं।
प्रथम पूज्य भगवान गणेश की आभा में कोई खलल न पड़े, इसके लिए महिला वालंटियर भी तैयार हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की पहल पर इस बार खुले में विशाल पंडाल सजाया गया। उच्च क्षमता के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। गणेशजी की प्रतिमा भिजवाने वाले केन्या में रह रहे डॉ. जैनीश पाठक के भाई महेंद्र पाठक का कहना है कि नैरोबी में काफी लोग सोशल मीडिया के माध्यम से यहां के गणेशोत्सव के वैभव के साक्षी बनते हैं।