फर्रुखाबाद। शाम को आई आंधी में 33केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से शहर की बिजली गुल हो गई। उपकेंद्र ठप होने से लाइनों की मरम्मत कार्य रात तक चलता रहा।
जर्जर लाइनों से चल रही बिजली व्यवस्था हवा के झोंके भी नहीं झेल पा रही है। शाम करीब चार बजे आंधी आने के दौरान 33 केवी लाइनों में फाल्ट आने से एक-एक उपकेंद्र ठप होते चले गए। इससे शहर से लेकर फतेहगढ़ के मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। हवा थमने पर करीब 6 बजे के बाद बिजली उपकेंद्र लकूला व पांचालघाट चालू कर दिए। वहीं फतेहगढ़ के कुटरा, भोलेपुर व शहर के जसमई उपकेंद्र की 33केवी लाइनों पर रात तक मरम्मत कार्य चलता रहा। बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुटरा उपकेंद्र के अवर अभियंता वसीम रजा ने बताया कि फाल्ट ठीक करने का काम चल रहा है। शीघ्र ही बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।
आंधी आने से 33केवी लाइन ब्रेक डाउन हो गई। इससे गंगपार क्षेत्र के चारो बिजली उपकेंद्र अमृतपुर, तहसील ,राजेपुर व सलेमपुर ठप हो गए। इसके चलते उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्र के करीब 300 गांवों की बिजली गुल हो गई। अवर अभियंता होरी लाल ने बताया कि 33केवी लाइन में फाल्ट ठीक करने के पेट्रोलिंग कराई जा रही है। फॉल्ट मिलने के बाद उसे ठीक कराकर देर रात तक बिजली आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।