नवाबगंज। 33/11 नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र के पास 33 हजार केवी लाइन टूटकर गिरने से हजियांपुर व नवाबगंज फीडर से जुड़े 230 गांवों में छह घंटे बिजली गुल रही। बिजली कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद तार जोड़ा, जिससे सोमवार सुबह सात बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
नवाबगंज उपकेंद्र से हजियांपुर और नवाबगंज फीडर संचालित होते हैं। इन दोनों फीडरों से 230 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। रविवार रात करीब एक बजे दोनों फीडर बंद हो गए। उपकेंद्र पर मौजूद एसएसओ गजेंद्र सिंह ने एसडीओ मनीष वर्मा और जेई अनिल गौतम को सूचना दी। सोमवार भोर करीब साढ़े चार बजे पेट्रोलिंग कराई गई। नवाबगंज उपकेंद्र के पास 33 हजार केवी की लाइन टूटी मिली। जेई अनिल गौतम भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तार को जुड़वाना शुरू किया गया। तार जोड़कर सुबह करीब सात बजे दोनों फीडरों को चालू कर आपूर्ति बहाल की गई। जेई अनिल गौतम ने बताया कि नवाबगंज उपकेंद्र के पास 33 हजार केवी का तार टूटने के चलते आपूर्ति बंद हो गई थी।
बंच केबल में आग लगने से 500 घरों की बत्ती साढ़े 10 घंटे रही बंद
कस्बा चौराहा के पास से गुजरी बंच केबल में सोमवार सुबह करीब सात बजे अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर चौराहे पर लगे 400 केवीए ट्रांसफार्मर को बंद किया गया। इस ट्रांसफार्मर से करीब 500 उपभोक्ताओं के कनेक्शन हैं। लाइनमैन प्रदीप कुमार, अनिरुद्ध कुमार और राजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर बंच केबल को ठीक करना शुरू किया। सायं करीब 5.20 बजे केबल जोड़कर कसबा चौराहे पर लगे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर से आपूर्ति चालू की गई।