संकिसा (फर्रुखाबाद)। मेरापुर के मोहल्ला शहीदनगर में बृहस्पतिवार रात को सड़क पर फैले मक्के के ऊपर से ट्रैक्टर-ट्राॅली निकालने के विवाद में दो भाइयों ने एक वृद्धा को लात-घूंसों से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं आए।
मंगलवार को थाना व कस्बा मेरापुर के शहीदनगर (पूर्व में गांव रहा नगला खरैंना) के केदार पाल का मक्का मोहल्ले में ही सड़क पर तिरपाल पर सूख रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही प्रमोद पाल ट्रैक्टर-ट्रॉली मक्का के ऊपर चढ़ाकर निकाल ले गया। इससे सड़क पर बिछी तिरपाल फट गई थी। केदार पाल ने इसका विरोध किया। प्रमोद व उसके भाई मुकेश ने केदार पाल से मारपीट कर दी थी। गांव के लोगों ने केदार पाल को बचाया था। दूसरे दिन इस मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। इससे मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा था।
बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे केदार पाल अपनी पत्नी चमेली देवी (65) व पुत्री रश्मि के साथ सड़क पर फैला मक्का बोरियों में भर रहे थे। इसी दौरान मुकेश पाल व प्रमोद अपने घर की महिलाओं के साथ वहां पहुंच गए। केदार पाल व उनकी पत्नी चमेली से गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर मुकेश व प्रमोद लात-घूंसों से चमेली और केदार पाल को पीटने लगे। रश्मि ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, पर दोनों भाई नहीं माने। मारपीट में चमेली देवी सड़क पर गिर पड़ीं। इसके बाद भी दोनों भाई उन्हें पीटते रहे। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मुकेश व प्रमोद वहां से भाग गए। उनके परिवार की महिलाएं घर में ताला लगाकर चली गईं। केदार पाल के भतीजे नरेंद्र की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के साथ फॉरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए। केदार पाल ने मुकेश, प्रमोद व इनके घर की महिलाओं के खिलाफ तहरीर दी है। केदार पाल के इकलौती पुत्री रश्मि ही है। उसकी शादी हो चुकी है। वह अपने माता-पिता के पास ही रहती है।
थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
फोटो-6 चमेली देवी। फाइल फोटो
फोटो-6 चमेली देवी। फाइल फोटो