देर रात लघुशंका करने गए अधेड़ की घर के सामने स्थित तालाब में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव बीवीपुर निवासी लालाराम शर्मा (48) बुधवार देर रात लघुशंका करने घर के सामने स्थित तालाब किनारे गए थे। पैर फिसलने से वह तालाब में डूब गए। देर रात जब उनकी मां विद्यावती ने देखा की लालाराम चारपाई पर नहीं है तो नाती गोविंद को जानकारी दी। परिजनों ने गांव में लालाराम की खोजबीन शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद जब लालाराम का पता नहीं चला तो परिजनों ने टार्च आदि लगाकर देखा तो उनके पैर के निशान तालाब की तरफ दिखाई दिए।
आगे बढ़कर देखा तो लालाराम का शव पानी में उतरा रहा था। परिजनों ने रात में ही जैसे-तैसे शव तालाब से बाहर निकाला। शव देखकर परिजनों मेें कोहराम मच गया। मृतक की मां विद्यावती ने बताया कि लालाराम की पत्नी शादी के कुछ दिन बाद उसे छोड़कर चली गई थी। इससे लालाराम तनाव में रहता था।
\
मां विद्यावती और बहन सरोजनी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पुलिस और लेखपाल अवनीश शाक्य को दी गई। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेखपाल अवनीश शाक्य ने बताया कि मृतक के नाम जमीन है। इसलिए किसान बीमा दुर्घटना के लाभ के लिए शासन को रिपोर्ट भेजेंगे।