फोटो-03,कमालगंज के रजीपुर रेलवे ट्रैक पर मौजूद पुलिस व गौरक्षा दल के पदाधिकारी। स्रोत: जागरूक प
कमालगंज । रेलवे ट्रैक पार करते समय झुंड के छपरा-मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से आठ गोवंशों की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन कुछ समय तक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
जानकारी होने पर सीओ अमृतपुर व गोरक्षा दल के पदाधिकारियों ने जेसीबी मशीन से खोदाई कराकर शवों को दफनाया। थाना क्षेत्र के रजीपुर रेलवे स्टेशन से शनिवार तड़के करीब 3:40 बजे छपरा-मथुरा एक्सप्रेस फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही थी। उसी दौरान ट्रैक पार करते समय गोवंशों का झुंड ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे आठ गोवंशों की मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रेन रजीपुर रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए रुकने के बाद रवाना हुई। गेटमैन ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। ट्रैकमैन की टीम ने पहुंच पटरी से गोवंशों के शवों को हटाया। सुबह भाजपा नेता आशीष दुबे ने गोरक्षा दल के पदाधिकारियों को सूचना दी। इस पर संगठन के लोग मौके पर पहुंचे।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राघवेंद्र सिंह ने पहुंच शवों का पोस्टमार्टम किया। इस मामले में सीओ अमृतपुर संजय वर्मा व खुदागंज चौकी प्रभारी शिवकुमार ने पहुंच कर जेसीबी मशीन की व्यवस्था कराई। इसके बाद जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदवाकर शवों को दफनाया।