फर्रुखाबाद। शादी का झांसा देकर महिला को फंसाने के बाद उसके साथ गैंगरेप करने और फिर वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से महिला के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से एक महिला को शादी का झांसा देकर कुछ लोग फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव बरगदियाघाट स्थित मल्लू की मढ़ैया ले गए। यहां दो अक्तूबर को उसके साथ गैंगरेप किया और वीडियो क्लिप भी बना ली। महिला के जेवर लूट लिए। इसके बाद महिला को भगा दिया। गैंगरेप की वीडियो किसी तरह एक सिपाही के पास पहुंचा। इस पर स्वाट प्रभारी ब्रजेश यादव को मामले की जांच सौंपी गई।
स्वाट टीम ने सोमवार शाम फोर्स के साथ मल्लू की मढ़ैया में छापा मारा। यहां से जेएनवी रोड निवासी अनुज प्रताप सिंह, शहर के मोहल्ला गंगानगर कालोनी निवासी राघव बाथम, फतेहगढ़ के मोहल्ला मछलीटोला निवासी प्रदीप यादव, रामपाल, मोहल्ला तलैयालेन निवासी शक्ति सिंह, तपन यादव, मोहल्ला बजरिया अलीगंज निवासी अमित राठौर, मोहल्ला हाथीखाना निवासी अमन बाथम को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों से टीम ने सख्ती से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि रेलवे स्टेशन से प्रदीप यादव उर्फ मल्लू महिला को ले गया था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशान देही पर महिला की पायल, अंगूठी, टाप्स, सोने का पेंडिल बरामद कर लिया। एएसपी रामभवन चौरसिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से सात मोबाइल भी मिले हैं। महिला की तलाश की जा रही है। टीम को पांच हजार का इनाम दिया गया।