फर्रुखाबाद। शहर में जर्जर लाइनों के सहारे दीपावली पर उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली देने की कवायद चल रही है। मोहल्लों में झूलती जर्जर बंच केबलों का लोड बढ़ते ही दगा देना तय है। हालांकि अधिकारी बंच केबल भी बदलवाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।
रोशनी का त्योहार दीपावली में 10 दिन ही शेष हैं। शहर में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए रिवैंप योजना के तहत 49 करोड़ रुपये से काम कराया जा रहा है। काम की धीमी गति के चलते अधिकतर मोहल्लों में बंच केबल जर्जर व झूल रहे हैं। इनमें आए दिन फाल्ट भी हो रहे हैं। इसके बावजूद काम की रफ्तार नहीं बढ़ पा रही है।
वहीं, सरकार त्योहार पर भरपूर बिजली आपूर्ति करने का फरमान सुना रही है। शहर में 24 घंटे, तहसील स्तर पर 21.30 घंटे और गांव में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश हैं। ऐसे में जर्जर बंच केबलों से शहर में भरपूर बिजली देना जिम्मेदारों के लिए चुनौती साबित हो सकता है।
इन मोहल्लों में झूल रहे केबल
शहर के अधिकतर मोहल्लों में बंच केबल जर्जर हैं। वहीं, फतेहगढ़ के मोहल्ला भूसा मंडी, जाफरी, सैनिक कालोनी, शहर के मोहल्ला खतराना, नुनहाई, गढ़ी कोहना, मदारवाड़ी, नितगंजा आदि में तो बंच केबल की स्थिति काफी दयनीय है। त्योहार पर हर घर में बिजली की झालरों की जगमग के बीच ओवरलोडिंग बढ़ते ही बंच केबलों का दगा देना तय माना जा रहा है। इससे क्षेत्रीय अवर अभियंता भी चिंतित हैं।
इनसेट
भरपूर बिजली देने का पूरा प्रयास होगा
अधिशासी अभियंता नगरीय बृजभान सिंह ने बताया कि 15 नवंबर तक सभी अधिकारी व कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। वह ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। उनके पास तीन मोबाइल ट्रॉली ट्रांसफार्मर हैं। कोई भी ट्रांसफार्मर फुंकने पर तत्काल मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। जर्जर केबल बदलने का काम चल रहा है। ठंडी सड़क उपकेंद्र के पांच मोहल्लों में बंच केबल अधिक जर्जर हैं। ओवरलोडिंग होने पर दिक्कत आ सकती है। हालांकि इन मोहल्लों में भी रिवैंप योजना के तहत बंच केबल बदलने के लिए कंपनी को पत्र लिखा गया है। इन दिनों सामान्यत: लोड कम होता है। इससे दिक्कत आने की संभावना कम है।