फर्रुखाबाद। शासन की ओर से दूरदर्शन व स्वयंप्रभा चैनल-22 पर चल रहीं ऑनलाइन कक्षाओं की निगरानी को डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम खोल दिया गया। इसके लिए 10 नोडल अधिकारी नामित किए गए। वह कंट्रोल रूम प्रभारी को अपनी रिपोर्ट देंगे।
कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा 10 व 12 के छात्रों को सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन दोपहर एक बजे से चार शिफ्टों में क्लास चलेगी।
जबकि कक्षा 9 व 11 के छात्रों की स्वयंप्रभा चैनल पर सुबह 11 बजे से शाम 6.30 बजे तक दो शिफ्टों में पढ़ाया जाएगा। शनिवार को महत्वपूर्ण विषय के वीडियो पर दोबारा प्रसारित किया जाएगा।
चयनित नोडल अधिकारियों को विद्यालय आवंटित किए गए हैं। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसमें जीआईसी फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य एपी सिंह को प्रभारी व जीजीआईसी की प्रवक्ता सोनी कटियार को सह प्रभारी बनाया गया। इस दौरान बताया गया कि 70 फीसदी छात्रों ने ही नामांकन कराया है। इस पर डीएम ने सभी छात्रों को हर कीमत पर नामांकन कराने को कहा।